दमोह में ट्रॉली चोरी का बड़ा खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, 8.80 लाख रुपये का मशरूका बरामद
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद
दमोह। जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र में खेत से ट्रॉली चोरी होने के मामले का फुटेरा चौकी पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई ट्रॉली, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई है, तथा चोरी में इस्तेमाल किया गया करीब 8 लाख रुपये कीमत का ट्रैक्टर बरामद किया है। इस कार्रवाई में कुल 8 लाख 80 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम फुटेरा कलां निवासी दामोदर पिता कालूराम लोधी, उम्र 55 वर्ष, ने 7 अक्टूबर 2026 को फुटेरा चौकी में आवेदन देकर खेत से ट्रॉली चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 5 और 6 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात ट्रॉली चोरी हुई थी। मामले में बटियागढ़ थाने में अपराध क्रमांक 304/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दमोह आनंद कलादगि (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। एसडीओपी पथरिया सुश्री प्रिया सिंधी तथा बटियागढ़ थाना प्रभारी रजनी शुक्ला के मार्गदर्शन में फुटेरा चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक आनंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच आगे बढ़ाई और चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में बाबा उर्फ सुंदरलाल यादव, निवासी ग्राम फुटेरा, थाना बटियागढ़; दिनेश पटेल, निवासी ग्राम सागोनी, थाना रजपुरा; तथा तानू भील, निवासी शहपुरा माल, थाना रजपुरा, जिला दमोह शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों से चोरी गई ट्रॉली और वारदात में प्रयुक्त ट्रैक्टर बरामद किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में फुटेरा चौकी प्रभारी सउनि आनंद कुमार, प्रधान आरक्षक 462 फिरदौस तथा आरक्षक 257 राज राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से खेत से ट्रॉली चोरी के मामले का खुलासा हुआ है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।