दमोह में बड़ा सड़क हादसा: ओम साईं राम कंपनी की बस पलटी, दर्जनभर यात्री घायल, मौके पर मची अफरा-तफरी
हिमांशु रैकवार दमोह
दमोह। जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब ओम साईं राम कंपनी की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस अचानक चालक का नियंत्रण खोने के कारण असंतुलित हो गई और पलट गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची।
हादसे में आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें बुद्धू सिंह, श्याम बाई, शिवांगी, मनीष, उमा अहिरवार, नंदिनी, अशोक बंसल, वंदना, देशरानी, सुरेंद्र, कल्लू बाई और संतोष शामिल हैं। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार तेज थी, जिसके चलते मोड़ पर चालक नियंत्रण नहीं रख सका और बस पलट गई। हालांकि पुलिस द्वारा हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है।
फिलहाल सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन कुछ को गंभीर चोटें भी आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और बस चालक से पूछताछ की जा रही है।