रास्ते में गिरी 3.97 लाख की पॉलिथिन, कोतवाली पुलिस की सक्रियता से मिली वापस—ईमानदारी और पुलिस की तत्परता से लौटी युवक की मुस्कान


रास्ते में गिरी 3.97 लाख की पॉलिथिन, कोतवाली पुलिस की सक्रियता से मिली वापस—ईमानदारी और पुलिस की तत्परता से लौटी युवक की मुस्कान

हिमांशु रैकवार दमोह 
शहर में एक बड़ी राहत भरी घटना सामने आई है, जहां रास्ते में गिरी 3 लाख 97 हजार रुपये से भरी पॉलिथिन को कोतवाली पुलिस की सक्रियता और एक व्यक्ति की ईमानदारी ने सुरक्षित उसके असली मालिक तक पहुंचा दिया। इस पूरी कार्रवाई के बाद जहां आवेदक के चेहरे पर खुशी लौट आई, वहीं पुलिस की कार्यशैली की भी जमकर सराहना हो रही है।

जानकारी के अनुसार नया बाजार नंबर-2 निवासी 24 वर्षीय देवकुमार जैन 12 अप्रैल को अपनी मोटरसाइकिल से एक व्यापारी को रुपये देने जा रहे थे। उन्होंने पूरी राशि एक काली पॉलिथिन में रखकर बाइक में टांग रखी थी, लेकिन कचौरा से बिन्नी स्टोर के बीच रास्ते में यह पॉलिथिन कहीं गिर गई। काफी खोजबीन के बाद भी रकम नहीं मिली तो उन्होंने कोतवाली थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी मनीष कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने तत्काल आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति को पैसों से भरी काली पॉलिथिन मिली है। पुलिस ने तस्दीक कर उस व्यक्ति को खोज निकाला, जिसने पूछताछ में बताया कि उसे यह रकम रास्ते में मिली थी और वह अपने परिचितों के माध्यम से असली मालिक की तलाश कर रहा था।

पुलिस की मौजूदगी में उस व्यक्ति ने पूरी राशि देवकुमार जैन को सौंप दी। 15 अप्रैल को आवेदक अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचा और पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा कि उनकी मेहनत की कमाई सुरक्षित वापस मिल गई है। इस सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी मनीष कुमार सहित प्रधान आरक्षक अजीत दुबे, आरक्षक कृष्णकुमार लोधी, मनोज पाण्डेय, रानू राय और राजेश ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Previous Post Next Post