अब नहीं चलेगी लापरवाही—कलेक्टर की अचानक अस्पताल विजिट तय, बिना सूचना कभी भी पहुंचेंगे, लेटलतीफी और अव्यवस्थाओं पर होगी सीधी कार्रवाई

अब नहीं चलेगी लापरवाही—कलेक्टर की अचानक अस्पताल विजिट तय, बिना सूचना कभी भी पहुंचेंगे, लेटलतीफी और अव्यवस्थाओं पर होगी सीधी कार्रवाई

कूलर-एसी बंद मिलने पर जताई नाराज़गी, मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं देने के सख्त निर्देश

हिमांशु रैकवार दमोह

जिला अस्पताल की लचर व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने सख्त तेवर अपनाते हुए साफ कर दिया है कि अब किसी भी समय बिना सूचना के अस्पताल का औचक निरीक्षण किया जाएगा। बुधवार सुबह अस्पताल पहुंचे कलेक्टर ने व्यवस्थाओं की हकीकत देखी और मौके पर ही अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सुधार के कड़े निर्देश दिए। कलेक्टर की इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वार्ड, दवा वितरण केंद्र और एमसीएच भवन का जायजा लिया। मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर समस्याएं जानीं। ओपीडी पर्ची के लिए लंबा इंतजार और बैठने की व्यवस्था न होने की शिकायतों पर उन्होंने सिविल सर्जन को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

 कूलर-एसी बंद मिले, कलेक्टर नाराज़

गर्मी के बीच वार्डों में कूलर और एसी बंद मिलने पर कलेक्टर ने नाराज़गी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कूलर तत्काल चालू कराए जाएं और खराब पंखों की मरम्मत तुरंत हो। साथ ही हर मरीज को बेडशीट और तकिया उपलब्ध कराने को कहा।

 डॉक्टरों की लेटलतीफी पर सख्त रुख

मरीजों ने डॉक्टरों के समय पर न आने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने दो टूक कहा कि सभी डॉक्टर और स्टाफ निर्धारित समय पर उपस्थित रहें, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें। अब उपस्थिति सार्थक एप के जरिए सुनिश्चित की जाएगी।

दवा वितरण में देरी, बढ़ेगा स्टाफ

दवा वितरण केंद्र पर भी मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा था। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अतिरिक्त स्टाफ लगाकर व्यवस्था बेहतर बनाई जाए, ताकि मरीजों को राहत मिल सके।

 पानी की समस्या पर नगर पालिका को निर्देश

अस्पताल में पानी की कमी की शिकायत पर कलेक्टर ने नगर पालिका को फटकार लगाई और तीन विकल्पों पर जल्द काम कर जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 सफाई व्यवस्था पर एजेंसी को चेतावनी

अस्पताल में गंदगी मिलने पर कलेक्टर ने सफाई एजेंसी को कड़ी चेतावनी दी। नगर पालिका को रोज कचरा उठाने के निर्देश दिए गए।

 पुलिस चौकी और एंबुलेंस व्यवस्था भी दुरुस्त होगी

निजी एंबुलेंस संचालकों द्वारा मरीजों को परेशान करने की शिकायत पर कलेक्टर ने पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए और चौकी पर नियमित पुलिस तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

 मुख्य गेट पर वाहनों का जमावड़ा हटेगा

अस्पताल के मुख्य द्वार पर खड़े ऑटो और अन्य वाहनों से हो रही परेशानी को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

 मरीजों से मिले, हाल-चाल जाना

कलेक्टर ने वार्डों में जाकर मरीजों से इलाज, भोजन, पानी और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।


 कभी भी हो सकता है औचक निरीक्षण

निरीक्षण के बाद हुई बैठक में कलेक्टर ने साफ कहा—“अब बिना सूचना किसी भी समय अस्पताल का निरीक्षण किया जाएगा, सभी व्यवस्थाएं हमेशा दुरुस्त रहनी चाहिए।”
Previous Post Next Post