मानवता की मिसाल: जिला चिकित्सालय की तीन सिस्टर्स का स्वतंत्रता दिवस पर सम्मान
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद
दमोह। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला चिकित्सालय की टीम “एक पहल मानवता की ओर” द्वारा सामाजिक सेवा और जन-जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे सराहनीय कार्यों को सम्मान मिला।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कैबिनेट राज्य मंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह जी द्वारा जिला चिकित्सालय की तीन सिस्टर्स नम्रता द्विवेदी, नसीमा बेगम और बबीता चौबे को उनके उत्कृष्ट सामाजिक एवं जन-जागरूकता कार्यों के लिए मध्यप्रदेश शासन की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
तीनों सिस्टर्स द्वारा “एक पहल मानवता की ओर” के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य, मानवता, सेवा और जन-जागरूकता से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई जा रही है। जरूरतमंदों की सहायता और लोगों को जागरूक करने के उनके प्रयासों को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में सम्मान प्राप्त करने के बाद तीनों सिस्टर्स ने इसे अपनी टीम और समाज के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और आगे भी इसी भावना के साथ सामाजिक कार्य जारी रहेंगे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिला यह सम्मान न केवल तीनों सिस्टर्स का सम्मान है, बल्कि मानवता और सेवा की भावना को समर्पित पूरी “एक पहल मानवता की ओर” टीम का सम्मान है।