दमोह के अभाना में मिड-डे मील की बड़ी जांच: बच्चों के भोजन से लेकर घी तक के नमूने लिए, लैब भेजे गए

दमोह के अभाना में मिड-डे मील की बड़ी जांच: बच्चों के भोजन से लेकर घी तक के नमूने लिए, लैब भेजे गए
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद 
दमोह, 8 जुलाई। जिले में स्कूली बच्चों को दिए जा रहे मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बुधवार को ग्राम अभाना में बड़ा औचक निरीक्षण अभियान चलाया। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर गठित खाद्य सुरक्षा जांच दल ने सरकारी स्कूलों की रसोई का निरीक्षण कर बच्चों के लिए तैयार आलू-बैंगन की सब्जी, खीर और पुड़ी के नमूने लेकर खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिए।
जांच दल ने शासकीय प्राथमिक शाला, शासकीय प्राथमिक बालक शाला और शासकीय माध्यमिक कन्या शाला का निरीक्षण किया। यहां राधा कृष्ण, साईं राम और जय गायत्री स्व-सहायता समूह द्वारा तैयार किए गए मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता का बारीकी से परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान रसोईघर और खाद्य सामग्री भंडारण स्थल पर स्वच्छता संतोषजनक मिली। हालांकि कर्मचारियों को भोजन बनाते समय एप्रन और हेड कवर का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा वार्षिक मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र बनवाने के निर्देश दिए गए।

कार्रवाई केवल स्कूलों तक सीमित नहीं रही। जांच दल ने अभाना स्थित अशोक किराना स्टोर्स पर भी छापामार निरीक्षण किया और वहां से टुडे ब्रांड गाय के घी का कंपनी पैक्ड नमूना जांच के लिए लिया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर ही मैजिक बॉक्स के माध्यम से तैयार भोजन, दूध, खाद्य तेल, घी, हल्दी, धनिया, मिर्च, जीरा, चावल और बेसन के लड्डू सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की त्वरित जांच भी की।

अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूने खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में गुणवत्ता संबंधी कमी या मिलावट पाई जाती है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित पक्षों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Previous Post Next Post