मिशन अस्पताल कांड का 30 हजार का इनामी फरार आरोपी आखिरकार गिरफ्तार, महीनों से पुलिस को दे रहा था चकमा


मिशन अस्पताल कांड का 30 हजार का इनामी फरार आरोपी आखिरकार गिरफ्तार, महीनों से पुलिस को दे रहा था चकमा

दमोह कोतवाली पुलिस की बड़ी सफलता, 30 हजार के इनामी आरोपी को दबोचा, न्यायालय में किया पेश।
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद
दमोह। शहर के बहुचर्चित मिशन अस्पताल प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी को आखिरकार कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था, जिसके चलते उसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस की लगातार तलाश और मुखबिर तंत्र की सक्रियता के बाद बुधवार को आरोपी को दबोच लिया गया।
कोतवाली थाना के अपराध क्रमांक 245/25 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं 318(4), 336(2), 340(2), 105, 3(5) तथा मध्यप्रदेश उपचार गृह एवं रजोपचार्य संबंधी स्थापनाएं (पंजीकरण एवं अनुज्ञापन) अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। इस बहुचर्चित मामले में पुलिस पहले से कई आरोपियों की तलाश कर रही थी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोशन प्रसाद पिता राजेश प्रसाद क्रिश्चियन, निवासी सिविल वार्ड क्रमांक-5, दमोह के रूप में हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी (IPS) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया तथा नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पाण्डेय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने लगातार दबिश, तकनीकी जानकारी और मुखबिरों की मदद से आरोपी का सुराग लगाया और उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आखिरकार कानून के शिकंजे से बच नहीं सका। इस कार्रवाई को मिशन अस्पताल प्रकरण में पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

सराहनीय भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मी
 थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार, प्रधान आरक्षक राजकुमार बिंदेलिया, प्रधान आरक्षक हेमंत तथा आरक्षक नितिन चालक सहित पूरी टीम ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Previous Post Next Post