दमोह में 12.70 लाख की डकैती का खुलासा: 8.50 लाख का माल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार, चार की तलाश जारी
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद
दमोह। जिले के नरसिंहगढ़ चौकी क्षेत्र के सूखी पिपरिया गांव में हुई 12.70 लाख रुपए की सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। करीब एक सप्ताह तक चली पड़ताल के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 8.50 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा और धारदार कटर बरामद किए हैं। वारदात में शामिल चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई की रात सूखी पिपरिया निवासी विजय जैन के घर चार से अधिक बदमाश हथियारों के साथ घुस आए थे। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर मारपीट की और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर व नकदी समेत करीब 12.70 लाख रुपए का सामान लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
घटना की सूचना मिलते ही दमोह देहात थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वाड, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और साइबर टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने जिले सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकाबंदी कराई। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। मामले की जांच के लिए छह विशेष टीमें बनाई गईं। जांच के दौरान करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और कई संदिग्धों से पूछताछ की गई।
इसी दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शंकर यादव और राहुल अहिरवार तक पहुंचने में सफलता मिली। पूछताछ में दोनों ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए सोने-चांदी के जेवर, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा और धारदार कटर बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार बरामद सामान में दो सोने के हार, एक मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, एक बेंदी, चांदी की करधनी, पायल और चेन शामिल हैं। बरामद संपत्ति की अनुमानित कीमत 8.50 लाख रुपए बताई गई है।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब फरार चार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा होने की संभावना है।