बोलेरो में भरकर लाई जा रही थी 162 लीटर अवैध शराब, मड़ियादो पुलिस ने घेराबंदी कर तीन तस्करों को दबोचा

बोलेरो में भरकर लाई जा रही थी 162 लीटर अवैध शराब, मड़ियादो पुलिस ने घेराबंदी कर तीन तस्करों को दबोचा
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद 
दमोह। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मड़ियादो पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन से 162 लीटर अवैध देशी मसाला शराब जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 95 हजार 400 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब के परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं एसडीओपी हटा कृष्णपाल सिंह के मार्गदर्शन में थाना मड़ियादो पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम वर्धा की ओर से एक बोलेरो वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध शराब भरकर मड़ियादो लाई जा रही है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रीति पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तिंदनी तिगड्डा मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध बोलेरो क्रमांक MP-39-C-2154 को रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर पीछे की सीट और नीचे रखे 15 कार्टनों में कुल 162 लीटर देशी मसाला शराब बरामद हुई। आरोपियों से शराब के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज और अनुज्ञप्ति मांगी गई, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने मौके पर शराब और बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया।

मामले में थाना मड़ियादो में अपराध क्रमांक 99/2026 दर्ज कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में खपाने की योजना थी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशाराम पटैल (45 वर्ष), बृजेश पटैल (35 वर्ष) और केतार वर्मन (30 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों ग्राम कोल करहिया, थाना सिमरिया, जिला पन्ना के निवासी हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रीति पाण्डेय, उप निरीक्षक सरदार सिंह, प्रधान आरक्षक रनमत सिंह तथा आरक्षक विमलेश, धर्मेन्द्र, नरेन्द्र और भरत कुर्मी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Previous Post Next Post