23 दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा हत्याकांड का फरार आरोपी, चाकू मारकर की गई थी हत्या; नाबालिग पहले ही पकड़ा जा चुका

23 दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा हत्याकांड का फरार आरोपी, चाकू मारकर की गई थी हत्या; नाबालिग पहले ही पकड़ा जा चुका
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद 
दमोह। तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में 23 जून को हुए चर्चित हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में से एक को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार था, लेकिन मुखबिर की सूचना और लगातार दबिश के बाद तेंदूखेड़ा पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 को तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में थाना तेंदूखेड़ा में अपराध क्रमांक 257/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 296(बी) के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में शामिल एक विधि-विवादित नाबालिग को पहले ही अभिरक्षा में ले लिया था, जबकि दूसरा आरोपी धीरेन्द्र खटीक निवासी दमोह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी तेंदूखेड़ा अर्चना अहीर के नेतृत्व में आरोपी की तलाश के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। मंगलवार को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अब हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों और घटना के पूरे घटनाक्रम की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सरोज ठाकुर, उप निरीक्षक आलोक तिरपुड़े, प्रधान आरक्षक बृजेश तिवारी, रविचन्द्र सेन, आरक्षक कुंवरसिंह, गोपाल सिंह, विशाल बैन तथा चालक आरक्षक विजय दीक्षित की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Previous Post Next Post