दमोह: खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, अस्वच्छता मिलने पर गंगा एक्वा वाटर प्लांट का रजिस्ट्रेशन निलंबित

दमोह: खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, अस्वच्छता मिलने पर गंगा एक्वा वाटर प्लांट का रजिस्ट्रेशन निलंबित
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद 
दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग ने दमोह में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान शहर के प्रमुख प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण कर दूध और पानी के नमूने लिए गए।
इन प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई

विभाग की टीम ने नया बाजार नंबर 2 स्थित गोपाल दूध डेयरी और एस पी एम नगर स्थित महादेव ट्रेडर्स आरोग्य जल आर ओ प्लांट का निरीक्षण किया। गोपाल दूध डेयरी से गाय-भैंस मिश्रित दूध के नमूने लिए गए। वहीं, महादेव ट्रेडर्स में जांच के दौरान फूड लाइसेंस परिसर में उचित स्थान पर प्रदर्शित पाया गया।

गंगा एक्वा प्लांट पर गिरी गाज
निरीक्षण के दौरान ग्राम दिगंबर पिपरिया (बालाकोट रोड) स्थित गंगा एक्वा आर ओ वाटर प्लांट की स्थिति बेहद चिंताजनक पाई गई। परिसर में भारी अस्वच्छता और प्लांट का संचालन अव्यवस्थित होने के कारण खाद्य सुरक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से प्लांट का फूड रजिस्ट्रेशन तीन दिनों के लिए निलंबित कर दिया है।

प्रयोगशाला में जांच को भेजे गए नमूने

विभाग द्वारा संग्रहित किए गए दूध और आर ओ पानी के सभी नमूनों को गुणवत्ता की विस्तृत जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस औचक कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है।


Previous Post Next Post