डिजिटल दौर में दमोह पुलिस का नया कदम: जनजागरूकता की आवाज बने सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स, एसपी आनंद कलादगि ने किया सम्मानित
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद
दमोह। अब अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनजागरूकता फैलाने में भी सोशल मीडिया की ताकत का उपयोग किया जाएगा। इसी दिशा में दमोह पुलिस ने सोमवार को एक अनूठी पहल करते हुए जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के उन सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स को सम्मानित किया, जिन्होंने पुलिस के जनहित एवं जागरूकता अभियानों को लाखों लोगों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि (IPS) ने सभी चयनित सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया समाज को जागरूक करने का सबसे प्रभावी मंच बन चुका है। यदि इसका सकारात्मक उपयोग किया जाए, तो साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों का पालन, नशामुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण संदेश कम समय में बड़ी संख्या में लोगों तक पहुँचाए जा सकते हैं।
एसपी आनंद कलादगि ने कहा कि पुलिस और समाज के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स की भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सभी इंफ्लूएंसर्स से भविष्य में भी दमोह पुलिस के साथ मिलकर जनकल्याणकारी अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में मौजूद सभी सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स ने भी दमोह पुलिस के साथ मिलकर समाजहित, कानून के प्रति जागरूकता तथा सकारात्मक संदेशों के प्रचार-प्रसार में निरंतर सहयोग देने का संकल्प लिया।
इस पहल को जिले में पुलिस और डिजिटल समाज के बीच मजबूत साझेदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उम्मीद है कि इससे पुलिस के जनजागरूकता अभियान और अधिक प्रभावी होंगे तथा युवाओं तक सकारात्मक संदेश तेजी से पहुँचेंगे।