कोतवाली पुलिस की अनूठी पहल: स्कूल पहुंचकर छात्रों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ, कहा– नशा छोड़ो, भविष्य जोड़ो

कोतवाली पुलिस की अनूठी पहल: स्कूल पहुंचकर छात्रों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ, कहा– नशा छोड़ो, भविष्य जोड़ो
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद 
दमोह। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के उद्देश्य से दमोह पुलिस ने सोमवार को एक विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया। "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने शहर के एम.एल.बी. स्कूल में विशाल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर सैकड़ों छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (IPS) के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी के निर्देशन तथा थाना कोतवाली पुलिस की टीम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि नशा केवल व्यक्ति का स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, शिक्षा, करियर और पूरे समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे के किसी भी प्रकार के प्रलोभन से बचते हुए अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से नशा न करने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों, पुलिस अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

जनभागीदारी से सफल होगा अभियान

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" केवल पुलिस का अभियान नहीं, बल्कि पूरे समाज का अभियान है। यदि अभिभावक, शिक्षक, विद्यार्थी और आम नागरिक मिलकर नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाएं, तो युवाओं को नशे की लत से बचाया जा सकता है।

दमोह पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री या सेवन की जानकारी मिले, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
Previous Post Next Post