स्वास्थ्य सेवाओं पर सीएमएचओ का बड़ा एक्शन: अस्पतालों का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर फटकार; हाई-रिस्क गर्भवतियों की निगरानी और संक्रमण नियंत्रण के सख्त निर्देश
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद
दमोह। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मरीज-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश राय ने रविवार को जिले की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की देखभाल, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा दवाओं की उपलब्धता की गहन समीक्षा की गई, वहीं एक उप स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद प्रयुक्त आईवी सेट एवं ड्रिप सामग्री का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण नहीं होने पर संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
सीएमएचओ ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र समन्ना, उप स्वास्थ्य केंद्र लुहर्रा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांदकपुर तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हिंडोरिया का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों को सम्मानजनक, सुरक्षित और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं के नियमित फॉलोअप, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर, मौसमी बीमारियों से निपटने की तैयारियों तथा संस्थाओं की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। डॉ. राय ने निर्देश दिए कि प्रत्येक पंजीकृत गर्भवती महिला का समय पर फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए तथा वर्षा ऋतु को देखते हुए सभी स्वास्थ्य संस्थाएं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें। उन्होंने ऑनलाइन उपस्थिति के साथ ऑफलाइन उपस्थिति पंजी भी नियमित रूप से संधारित करने के निर्देश दिए।
बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन में मिली लापरवाही, दिए सख्त निर्देश
आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र समन्ना में निरीक्षण के दौरान आयरन सुक्रोज थेरेपी के बाद प्रयुक्त आईवी सेट एवं ड्रिप सामग्री का निर्धारित मानकों के अनुरूप निस्तारण नहीं किया जाना पाया गया। इसे गंभीर मानते हुए सीएमएचओ ने संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को संक्रमण नियंत्रण एवं बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन के सभी नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपचार के बाद उपयोग की गई सामग्री का तत्काल और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाए ताकि संक्रमण का कोई खतरा न रहे।
बांदकपुर में प्रसव सेवाओं की जांच, मरीज-केंद्रित व्यवस्था पर जोर
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांदकपुर में डॉ. राय ने प्रसव कक्ष, प्रसवोत्तर वार्ड, औषधि कक्ष और एनसीडी कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं मरीज-केंद्रित बनाने के निर्देश अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए।
हिंडोरिया में निर्माणाधीन भवन जल्द शुरू करने के निर्देश
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हिंडोरिया में साइंस हाउस द्वारा निर्मित किए जा रहे नए भवन का निरीक्षण करते हुए सीएमएचओ ने निर्माण कार्य में तेजी लाने और भवन को शीघ्र पूर्ण कर आम जनता के लिए स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।