दमोह में 'सेफ क्लिक 2.0' की शुरुआत: साइबर अपराध के खिलाफ सड़क पर उतरे हजारों लोग, सांसद बोले— संदिग्ध कॉल की तुरंत दें सूचना

दमोह में 'सेफ क्लिक 2.0' की शुरुआत: साइबर अपराध के खिलाफ सड़क पर उतरे हजारों लोग, सांसद बोले— संदिग्ध कॉल की तुरंत दें सूचना
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद 
दमोह-साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे के बीच दमोह में सोमवार को मध्य प्रदेश पुलिस के 'सेफ क्लिक 2.0' अभियान का भव्य शुभारंभ हुआ। आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग और सोशल मीडिया फ्रॉड से बचाने के उद्देश्य से आयोजित विशाल साइबर जागरूकता मैराथन में जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक अमले, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।
तहसील ग्राउंड से शुरू हुई मैराथन को दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक जयंत कुमार मलैया, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे और पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मैराथन बेलाताल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कलेक्ट्रेट, स्टेडियम, किल्लाई नाका, बस स्टैंड और कीर्ति स्तंभ होते हुए पुनः तहसील ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध लगातार नए रूप ले रहे हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा साइबर ठगी की स्थिति में बिना देर किए 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे तत्पर है।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि आज साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और अनेक परिवार आर्थिक एवं मानसिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि "साइबर अपराध के प्रति जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।" उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करें, जिससे समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने कहा कि डिजिटल इंडिया के दौर में अपराधियों ने अपराध करने के तरीके बदल दिए हैं। अब मोबाइल और इंटरनेट के माध्यम से दूर बैठकर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। ऐसे में आम नागरिकों को जागरूक करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी वेबसाइट या डिजिटल लेनदेन से सावधान रहने तथा अपनी बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 'सेफ क्लिक 2.0' अभियान का उद्देश्य लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना, ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताना और साइबर अपराध होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित करना है। मैराथन के दौरान प्रतिभागियों ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में संजय यादव, गौरव पटेल, सुरेश पटेल, रमाकांत बाजपेई, वर्षा रैकवार, बृजेंद्र अहिरवार, रिंकू गोस्वामी, दीपक मिश्रा, सिकंदर खरारे, सृजन असाटी, संजय गौतम, एडवोकेट कमलेश भारद्वाज, डॉ. श्री संगतानी, शिवेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post