दमोह में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश: तीन आरोपी गिरफ्तार, तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद
दमोह। शहर में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 95 हजार रुपये कीमत की तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों से पूछताछ में शहर के अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार 23 जून को वसुंधरा कॉलोनी निवासी कृष्णकांत मिश्रा की होंडा ड्रीम योगा मोटरसाइकिल डायमंड पार्क से चोरी हो गई थी। इसके बाद 26 जून को सिंचाई कॉलोनी निवासी रमाकांत सेन की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल उनके घर के बाहर से चोरी कर ली गई। दोनों मामलों में कोतवाली थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने निशांक विश्वकर्मा (26), हर्ष विश्वकर्मा (24) और सुनील उर्फ लोचन ठाकुर (30) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में निशांक और हर्ष ने डायमंड पार्क से होंडा ड्रीम योगा तथा सागर के संजय ड्राइव क्षेत्र से हीरो आई-स्मार्ट मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। वहीं सुनील उर्फ लोचन ने सिंचाई कॉलोनी से हीरो एचएफ डीलक्स चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई तीनों मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त कर ली हैं।
बरामद वाहनों में होंडा ड्रीम योगा (कीमत 40 हजार रुपए), हीरो एचएफ डीलक्स (30 हजार रुपए) और हीरो आई-स्मार्ट (25 हजार रुपए) शामिल हैं। पुलिस तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष कुमार, उपनिरीक्षक साहब सिंह, प्रधान आरक्षक कल्याण सिंह, आरक्षक ओमप्रकाश रैकवार, प्रमोद सिंह, गणपत अहिरवार, देशराज सिंह तथा साइबर सेल के आरक्षक मयंक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।