वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: वन भूमि पर अवैध जुताई करते ट्रैक्टर समेत दो आरोपी गिरफ्तार
हिमांशु रैकवार दमोह
दमोह। जिले में वन भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से जुताई कर रहे ट्रैक्टर को मौके से जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिन्होंने पूछताछ में वन भूमि पर अवैध जुताई करना स्वीकार किया। विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, डीएफओ ईश्वर जरांडे एवं एसडीओ एम.डी. मानिकपुरी के निर्देशन में मानसून गश्ती अभियान के दौरान वन परिक्षेत्र दमोह की घाट पिपरिया बीट के आरक्षित वन कक्ष क्रमांक आरएफ-95, ग्राम मुहली में वन भूमि पर अवैध रूप से जुताई किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जहां एक सोनालिका DI-60 सिकंदर ट्रैक्टर वन भूमि को तोड़कर जुताई करता मिला। टीम ने ट्रैक्टर के साथ उपयोग में लाए जा रहे कल्टीवेटर और लेवलर ब्लेड को भी जब्त कर लिया।
मौके से बृजेश यादव एवं उत्तम गौंड, दोनों निवासी ग्राम मुहली, को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर जुताई करने की बात स्वीकार की। इसके बाद वन विभाग ने दोनों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रम चौधरी के नेतृत्व में परिक्षेत्र सहायक देवेंद्र शुक्ला एवं प्रमोद रावत, वन रक्षक राहुल गौंड, अमान सिंह ठाकुर और पंकज पटेल की संयुक्त टीम ने की।
वन विभाग का कहना है कि मानसून के दौरान वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण और खेती की कोशिशों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।