दमोह पुलिस का बड़ा एक्शन: 3 जिलों तक फैले अवैध हथियार गिरोह का भंडाफोड़, 9 गिरफ्तार; 5 हथियार और 9 कारतूस बरामद
हटा (दमोह)। दमोह पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर-जिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए जबलपुर, कटनी, पन्ना और दमोह से जुड़े 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 आरोपी अभी फरार हैं। आरोपियों के कब्जे से 3 पिस्टल, 2 देसी कट्टे और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े होने की आशंका है। मामले में थाना हटा में अपराध क्रमांक 345/2026 एवं 346/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 में प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन और एसडीओपी हटा के.पी. सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने कई दिनों तक संदिग्धों पर निगरानी रखने के बाद एक साथ ताबड़तोड़ दबिश देकर गिरोह का खुलासा किया।
गिरफ्तार आरोपियों में जबलपुर, कटनी, पन्ना और दमोह जिले के युवक शामिल हैं। वहीं सत्यम रैकवार, उत्कर्ष साहू और अरविंद विश्वकर्मा अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह भी जांच की जा रही है कि हथियार कहां से लाए गए थे और किन लोगों तक उनकी सप्लाई की जाती थी। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना हटा, पटेरा, कुम्हारी, बिलाई चौकी और साइबर शाखा की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने इसे जिले में अवैध हथियारों के नेटवर्क पर बड़ी और प्रभावी कार्रवाई बताया है।