दमोह में भव्यता से मनी अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की 120वीं जयंती, समाज के विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद
दमोह। पं. चंद्रशेखर आजाद स्मृति मंच के तत्वावधान में गुरुवार को स्थानीय पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में अमर क्रांतिकारी पंडित चंद्रशेखर आजाद की 120वीं जयंती पर 'जयंती गौरव सम्मान समारोह-2026' का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी चंद्रशेखर आजाद के विचारों को याद करते हुए समाज, शिक्षा, चिकित्सा, पर्यावरण, गौसेवा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के मंत्री धर्मेंद्र भावसिंह लोधी के प्रतिनिधि सत्येंद्र भावसिंह लोधी रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव रंजीता पटेल सह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में मनीष पुष्पराज शर्मा, जिला पंचायत सदस्य एवं जिला कृषि समिति के सभापति मनीष तंतुवाय, युवक क्रांति संगठन के संयोजक सुधीर कुमार विद्यार्थी, शब्दाक्षर मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष एवं कवि डॉ. राजीव खरे, आयोजन समिति अध्यक्ष डॉ. बबीता कृष्ण कुमार चौबे, वरिष्ठ पत्रकार दिनेश प्यासी तथा मुंबई के सिने अभिनेता कमलेश खरे सहित अनेक अतिथि मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। मुख्य वक्ता साहित्यकार एवं विश्लेषक पं. नरेंद्र दुबे ने 'वर्तमान समय में आजाद की प्रासंगिकता' विषय पर प्रेरक व्याख्यान देते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह में समाजसेवी अभितेंद्र रामसहाय राय को 'यूथ आइकॉन अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया। वहीं नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. मयंक प्यासी, आयुर्वेद चिकित्सा में डॉ. सत्यम पटेल, गौसेवा के लिए वैष्णवी गौ सेवा समिति के दीपक नेमा एवं उनकी टीम, निर्धन कन्याओं के निःशुल्क विवाह सेवा के लिए रवि ठाकुर एवं उनकी समिति, प्रसूति महिलाओं में जागरूकता अभियान चलाने वाली 'थ्री सिस्टर्स', पर्यावरण संरक्षण के लिए कदम संस्था के प्रमुख दीपक सेन, युवा हेल्प क्लब मध्यप्रदेश के अध्यक्ष उमर खैयाम तथा बालकवि अनुज कुशवाहा और अक्षत चौबे को व्यक्तित्व सम्मान अलंकरण से सम्मानित किया गया।
आयोजन समिति अध्यक्ष डॉ. बबीता कृष्ण कुमार चौबे ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि वरिष्ठ पत्रकार दिनेश प्यासी ने आयोजन की पृष्ठभूमि और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद मिशन विद्यालय, सद्भावना विद्यालय, शासकीय संदीपनी मॉडल स्कूल, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सहित कई शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन आशीष तंतुवाय 'कबीर' ने किया तथा आभार प्रदर्शन समिति सचिव अक्षय दीक्षित ने किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, सामाजिक कार्यकर्ता, चिकित्सक, शिक्षक, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।