नगरपालिका सीएमओ से अभद्रता और शासकीय कार्य में बाधा के मामले में दो ईनामी आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
हिमांशु रैकवार दमोह
दमोह। नगरपालिका सीएमओ एवं कर्मचारियों के साथ अभद्रता कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक-एक हजार रुपए के दो ईनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा इनाम घोषित किया गया था।
जानकारी के अनुसार 19 मई 2026 को नगरपालिका सीएमओ राजेन्द्र लोधी की शिकायत पर कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 489/2026 दर्ज किया गया था। मामले में शासकीय कार्य में बाधा, धमकी एवं एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण कायम किया गया था। घटना के बाद आरोपी मिर्जा सरफराज बेग एवं मिर्जा शहजाद बेग फरार हो गए थे।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) ने दोनों आरोपियों पर एक-एक हजार रुपए का इनाम घोषित कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार तलाश कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों को एक दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसके बाद गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को जिला जेल दमोह भेज दिया गया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
मिर्जा सरफराज बेग (50 वर्ष), निवासी पठानी मोहल्ला, दमोह
मिर्जा शहजाद बेग (50 वर्ष), निवासी पठानी मोहल्ला, दमोह
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार, प्रधान आरक्षक कलीम खान, हेमंत अवस्थी, धीरज राजपूत, आरक्षक भूपेन्द्र पांडेय एवं महिला आरक्षक विमला राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।