नाबालिग को धमकाने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप में युवक गिरफ्तार

नाबालिग को धमकाने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप में युवक गिरफ्तार

दमोह। कोतवाली पुलिस ने नाबालिग बालिका को परेशान करने, उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी देने तथा धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दो दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार 15 जून 2026 को एक नाबालिग बालिका ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि किशन तलैया निवासी साहिल खान उर्फ साहिद उसके साथ बिना सहमति के लगातार संपर्क करने का प्रयास कर रहा था। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी द्वारा परिजनों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई तथा धर्म परिवर्तन कराने का दबाव बनाया गया।

सूत्रों के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से भी बालिका के संपर्क में था। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने कथित रूप से मंदिर में विवाह करने की बात कही और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पाण्डेय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार ने विशेष टीम गठित की। टीम ने कार्रवाई करते हुए 17 जून को आरोपी साहिल खान उर्फ साहिद को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों सहित अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी
साहिल खान उर्फ साहिद, पिता छोटे खान, निवासी किशन तलैया, दमोह।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार, उपनिरीक्षक नीतेश जैन, प्रधान आरक्षक महेश यादव, आरक्षक आकाश पाठक एवं आरक्षक ब्रजेन्द्र मिश्रा की भूमिका सराहनीय रही।

Previous Post Next Post