खेजरा हनुमान मंदिर में पुजारी की पुत्री ने लगाई फांसी, क्षेत्र में शोक की लहर
हिमांशु रैकवार दमोह
पुलिस ने मोबाइल जब्त कर शुरू की जांच, आत्महत्या के कारणों का नहीं चला पता
दमोह। देहात थाना क्षेत्र की सागर नाका चौकी अंतर्गत स्थित खेजरा हनुमान मंदिर परिसर में शुक्रवार देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। मंदिर के पुजारी की 27 वर्षीय पुत्री ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। युवती द्वारा यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया गया, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेजरा निवासी एवं हनुमान मंदिर के पुजारी प्रहलाद दास दुबे की 27 वर्षीय पुत्री प्रमिला दुबे ने मंदिर परिसर स्थित अपने बेडरूम में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को जब घटना की जानकारी लगी तो घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर देहात थाना पुलिस और सागर नाका चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मौके से मोबाइल जब्त किया
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा मृतिका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। जांच अधिकारियों का मानना है कि मोबाइल की जांच से आत्महत्या के कारणों से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद होने की जानकारी नहीं मिली है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी देहात अमित गौतम, सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम दांगी, एएसआई अकरम खान सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
क्षेत्र में शोक
मंदिर परिसर में हुई इस घटना से खेजरा गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल आत्महत्या के कारण अज्ञात हैं और पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।