डेढ़ साल के मासूम को पिता ले गया, रातभर चली तलाश; दमोह पुलिस ने सकुशल मां से मिलाया

डेढ़ साल के मासूम को पिता ले गया, रातभर चली तलाश; दमोह पुलिस ने सकुशल मां से मिलाया

हिमांशु रैकवार दमोह 
दमोह। दमोह पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से डेढ़ वर्षीय मासूम बालक को सकुशल दस्तयाब कर उसकी मां के सुपुर्द किया गया। घटना थाना हटा क्षेत्र की है, जहां एक व्यक्ति शराब के नशे में अपने डेढ़ साल के बेटे को घर से ले गया था और पत्नी को फोन पर धमकी देते हुए लगातार भ्रमित कर रहा था।

जानकारी के अनुसार 19 जून की रात करीब 11:30 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली कि हटा क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति अपने मासूम पुत्र को लेकर घर से चला गया है। सूचना मिलते ही दमोह डायल-112 कंट्रोल रूम, थाना हटा पुलिस और साइबर सेल सक्रिय हो गई।

रात में ही शुरू किया गया सर्च ऑपरेशन

पुलिस अधीक्षक दमोह आनंद कलादगि के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह तथा एसडीओपी हटा के मार्गदर्शन में एफआरवी-06 टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। पुलिस कंट्रोल रूम, साइबर सेल और डायल-112 टीम ने समन्वित प्रयास करते हुए संबंधित व्यक्ति की लोकेशन ट्रेस कर उसकी तलाश शुरू की।

सकुशल मिला मासूम, मां के चेहरे पर लौटी मुस्कान

लगातार खोजबीन के बाद पुलिस ने पिता और मासूम बालक को खोज निकाला। जांच में बालक पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ पाया गया। इसके बाद पुलिस ने बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। बेटे को सकुशल वापस पाकर मां और परिजनों ने राहत की सांस ली।

पुलिस की तत्परता की सराहना

रात्रि के समय मिली संवेदनशील सूचना पर दमोह पुलिस, डायल-112 और साइबर सेल की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस की सक्रियता के कारण मासूम बालक सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सका। इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
Previous Post Next Post