उड़ीसा से दमोह पहुंची 8.77 लाख की गांजा खेप पकड़ी
हिमांशु रैकवार दमोह
ऑपरेशन क्लीन के तहत कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 35 किलो 100 ग्राम गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
दमोह। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन क्लीन" के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर आए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत 8 लाख 77 हजार 500 रुपए आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी (आईपीएस) के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर देर रात कार्रवाई की।
सब स्टेशन के सामने घेराबंदी कर दबोचा
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर शहर में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने सीताबावली मरघटा के पास विद्युत मंडल सब स्टेशन के सामने घेराबंदी की। जांच के दौरान तीन संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से 35 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
उड़ीसा के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—
मिथुन नाग (27 वर्ष) पिता गोपाल नाग
लालू हरिपाल (45 वर्ष) पिता राजेन्द्र हरिपाल
प्रशांत नाग (22 वर्ष) पिता गोपाल नाग
तीनों निवासी ग्राम किरकिची, थाना मानमुंडा, जिला बौद्ध (उड़ीसा) के रूप में हुई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 604/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे जिले में किसे सप्लाई किया जाना था।
नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
प्रारंभिक जांच में मामला अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल और संपर्कों की जांच कर प्रदेश में सक्रिय गांजा तस्करी नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
लगातार कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप
जिले में हाल के दिनों में पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। कोतवाली पुलिस की इस बड़ी सफलता के बाद नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
उड़ीसा से मध्यप्रदेश तक फैले गांजा तस्करी नेटवर्क की एक बड़ी कड़ी दमोह में पकड़ी गई है। 35 किलो से अधिक गांजा बरामद होना दर्शाता है कि तस्कर जिले को ट्रांजिट और सप्लाई पॉइंट के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है।