30 रुपए के विवाद में युवक की हत्या, नाबालिग ने सीने में घोंपा चाकू,साप्ताहिक बाजार में ठेला किराए को लेकर हुआ झगड़ा, 25 वर्षीय युवक की मौत; बाल अपचारी अभिरक्षा में, मुख्य आरोपी फरार



30 रुपए के विवाद में युवक की हत्या, नाबालिग ने सीने में घोंपा चाकू

साप्ताहिक बाजार में ठेला किराए को लेकर हुआ झगड़ा, 25 वर्षीय युवक की मौत; बाल अपचारी अभिरक्षा में, मुख्य आरोपी फरार

हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद 
तेन्दूखेड़ा (दमोह)। साप्ताहिक बाजार में महज 30 रुपए के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। तेन्दूखेड़ा के मुख्य बाजार में ठेला किराए के पैसों को लेकर हुए विवाद के दौरान एक विधि विरुद्ध बालक ने 25 वर्षीय युवक के सीने में चाकू घोंप दिया। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक-05 निवासी अतुल अहिरवार (25) ने अपना फल ठेला किराए पर दमोह निवासी फल विक्रेता धीरेन्द्र खटीक को दिया था। मंगलवार को साप्ताहिक बाजार के दौरान जब अतुल किराया लेने पहुंचा तो किराए की राशि को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर साथ मौजूद एक विधि विरुद्ध बालक ने अतुल के सीने पर चाकू से हमला कर दिया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल अतुल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तेन्दूखेड़ा पहुंचाया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बाजार में मचा हड़कंप, पुलिस ने संभाला मोर्चा

दिनदहाड़े हुई हत्या की घटना के बाद साप्ताहिक बाजार और नगर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया एवं एसडीओपी अर्चना अहीर के मार्गदर्शन में तेन्दूखेड़ा, तेजगढ़ और तारादेही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले और कानून-व्यवस्था बनाए रखी।

हत्या का मामला दर्ज, बाल अपचारी अभिरक्षा में

मृतक के पिता वीरनलाल अहिरवार की शिकायत पर तेन्दूखेड़ा थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटना में शामिल विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी धीरेन्द्र खटीक निवासी दमोह फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

सीसीटीवी और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर जांच

पुलिस बाजार क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सिर्फ कुछ रुपए के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। साप्ताहिक बाजार में हुई इस घटना ने एक बार फिर छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसा और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Previous Post Next Post