हटा में बिजली विभाग का एई रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, 7 हजार की मांग के बीच 2 हजार रुपये लेते लोकायुक्त ने दबोचा

हटा में बिजली विभाग का एई रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, 7 हजार की मांग के बीच 2 हजार रुपये लेते लोकायुक्त ने दबोचा

हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद 
हटा (दमोह)। दमोह जिले के हटा में गुरुवार को लोकायुक्त सागर की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत विभाग के सहायक यंत्री (एई) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अधिकारी पर एक उपभोक्ता से मीटर संबंधी मामले में कार्रवाई नहीं करने के एवज में 7 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त ने मामले का सत्यापन कराया और योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार हटा निवासी इंद्र कुमार पटेल ने लोकायुक्त सागर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बिजली मीटर को कम लोड पर चलाने के मामले में विभागीय कार्रवाई का दबाव बनाया जा रहा है। आरोप है कि इस कार्रवाई से राहत देने और मामला निपटाने के बदले विद्युत विभाग के सहायक यंत्री ने 7 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने गुरुवार को जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी अधिकारी को 2 हजार रुपये की रिश्वत दी, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

यह कार्रवाई लोकायुक्त निरीक्षक रंजीत सिंह के नेतृत्व में की गई। ट्रैप के दौरान टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हटा में विद्युत विभाग के अधिकारी के रिश्वत लेते पकड़े जाने की खबर फैलते ही क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। लोकायुक्त की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
Previous Post Next Post