राधा कृष्णा ट्रेडर्स सील, 233 बोरी उर्वरक और 100 नैनो बोतलें मिलीं; नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

खाद-बीज दुकान पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

राधा कृष्णा ट्रेडर्स सील, 233 बोरी उर्वरक और 100 नैनो बोतलें मिलीं; नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई
हिमांशु रैकवार दमोह 
जबेरा/दमोह। जिले में कृषि आदानों की कालाबाजारी और अनियमितताओं पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जबेरा तहसील के ग्राम रोंड स्थित राधा कृष्णा ट्रेडर्स की दुकान को सील कर दिया है। जांच के दौरान दुकान में भारी मात्रा में उर्वरक और कृषि सामग्री का भंडारण पाया गया। प्रारंभिक जांच में उर्वरक (गुण नियंत्रण) आदेश 1985 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर यह कार्रवाई की गई।

अतिरिक्त तहसीलदार बनवार द्वारा कलेक्टर के मौखिक निर्देश पर गठित संयुक्त दल ने दुकान की जांच की। निरीक्षण के दौरान गोदाम में 179 बोरी यूरिया, 14 बोरी सागरिका खाद, 40 बोरी पोटाश तथा 100 नैनो उर्वरक की बोतलें रखी मिलीं। दस्तावेजों और भंडारण संबंधी रिकॉर्ड की जांच में कई अनियमितताएं सामने आईं।

कलेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाई

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार किसानों से मिल रही शिकायतों और कृषि आदानों के वितरण की निगरानी के तहत यह जांच कराई गई। मौके पर नायब तहसीलदार, हल्का पटवारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी तथा पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की गई।

जांच दल ने पाया कि दुकान संचालक द्वारा उर्वरक (गुण नियंत्रण) आदेश 1985 की धारा 4, 5 और 35 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 एवं 7 के प्रावधानों का पालन नहीं किया गया। इसके बाद दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
पंचनामा बनाकर भेजी गई रिपोर्ट

संयुक्त जांच दल ने मौके पर पंचनामा तैयार कर विस्तृत प्रतिवेदन कलेक्टर को भेज दिया है। अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। कृषि विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों की विस्तृत जांच के बाद संबंधित संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज होने की संभावना भी जताई जा रही है।

किसानों के बीच चर्चा का विषय बनी कार्रवाई

खेती के सीजन में खाद और उर्वरकों की मांग बढ़ने के बीच प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में खाद वितरण और भंडारण व्यवस्था पर प्रशासन की सख्ती का यह बड़ा संदेश माना जा रहा है।

खरीफ सीजन से पहले प्रशासन ने खाद-बीज कारोबारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। राधा कृष्णा ट्रेडर्स पर हुई कार्रवाई के बाद जिले के अन्य उर्वरक विक्रेताओं में भी हड़कंप की स्थिति है। अब प्रशासन की नजर उन दुकानों पर है जहां भंडारण और बिक्री के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।
Previous Post Next Post