दमोह पुलिस का बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन: एक रात में 65 वारंटी गिरफ्तार, 100 से ज्यादा गुंडे-निगरानी बदमाशों की जांच

दमोह पुलिस का बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन: एक रात में 65 वारंटी गिरफ्तार, 100 से ज्यादा गुंडे-निगरानी बदमाशों की जांच
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद 
दमोह -अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ दमोह पुलिस ने जिलेभर में सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में एक साथ सघन चेकिंग और दबिश अभियान संचालित किया गया। इस दौरान पुलिस ने 65 वारंटियों पर कार्रवाई करते हुए 23 स्थायी एवं 42 गिरफ्तारी वारंट तामील किए, जबकि 100 से अधिक गुंडा और निगरानी बदमाशों की जांच कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया।

रातभर चली इस कार्रवाई में पुलिस टीमों ने फरार आरोपियों, आदतन अपराधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के घरों और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, सार्वजनिक स्थलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

अभियान के दौरान पुलिस ने 64 गुंडा बदमाशों और 36 निगरानी बदमाशों की चेकिंग की। साथ ही आबकारी अधिनियम के तहत 29 तथा सट्टा अधिनियम के तहत 7 प्रकरण दर्ज किए गए। भरण-पोषण अधिनियम से संबंधित 2 स्थायी एवं 1 गिरफ्तारी वारंट भी तामील किए गए। वहीं बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के तहत 5 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। दमोह पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों, वारंटियों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

Previous Post Next Post