दमोह में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई नीट (यूजी) री-एग्जाम,1147 में से 1038 अभ्यर्थी हुए शामिल
हिमांशु रैकवार दमोह, 21 जून। जिले में रविवार को आयोजित नीट (यूजी) री-एग्जाम प्रशासन की कड़ी निगरानी और पुख्ता व्यवस्थाओं के बीच शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। परीक्षा को लेकर बनाए गए तीनों केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई तथा परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन कराया गया। जिले में कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या शिकायत की सूचना नहीं मिली।
जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर कुल 1147 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1038 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 109 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार जिले में 90.5 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दमोह में पंजीकृत 480 अभ्यर्थियों में से 438 उपस्थित रहे, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय दमोह में 475 में से 428 तथा पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस पीजी कॉलेज दमोह में 192 में से 172 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और सुरक्षा बलों ने समन्वित रूप से कार्य किया। अधिकारियों द्वारा लगातार केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर नजर रखी गई। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर अभ्यर्थियों और अभिभावकों ने संतोष व्यक्त किया। प्रशासन ने परीक्षा आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों की सराहना करते हुए इसे सफल और व्यवस्थित आयोजन बताया।