कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शहर में 5 जगह रेड, 5 सटोरियों पर शिकंजा
सट्टा एक्ट के 5 प्रकरण दर्ज, नकदी व सट्टा सामग्री जब्त
हिमांशु रैकवार दमोह
दमोह। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ छापामार कार्रवाई करते हुए सट्टा कारोबार में लिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 5,020 रुपये नकद, 5 सट्टा पर्चियां और 5 डॉट पेन जब्त कर उनके खिलाफ सट्टा एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार के नेतृत्व में मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर यह कार्रवाई की गई। 6 जून को शहर के अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पुलिस ने सट्टा खिलाते हुए पांच लोगों को रंगे हाथों पकड़ा।
पकड़े गए आरोपियों में महेश पटेल (39 वर्ष) निवासी बजरिया वार्ड क्रमांक 6, सीमा ठाकुर (37 वर्ष) निवासी धरमपुरा, हसीना अहमद (30 वर्ष) निवासी शोभानगर, फूलसिंह अहिरवार निवासी बड़ापुरा तथा गुड्डू उर्फ रामगोपाल अहिरवार निवासी बड़ापुरा शामिल हैं।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में आरोपियों से अलग-अलग रकम बरामद की गई, जिसकी कुल राशि 5,020 रुपये है। जब्त सामग्री में सट्टा पर्चियां और लेखन सामग्री भी शामिल है, जिनका उपयोग सट्टा संचालन में किया जा रहा था।
कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार, प्रधान आरक्षक अभिषेक चौबे, प्रधान आरक्षक कलीम खान, प्रधान आरक्षक महेश यादव, आरक्षक नरेंद्र पटेरिया एवं आरक्षक आकाश पाठक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कोतवाली थाना पुलिस द्वारा सट्टा एक्ट की कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों के साथ पुलिस टीम।