बटियागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई 10 पेटी अवैध शराब के साथ फरार 3 आरोपी गिरफ्तार, बोलेरो और मोबाइल जब्त
10 पेटी शराब तस्करी मामले में फरार तीन आरोपी गिरफ्तारहिमांशु रैकवार दमोह
दमोह। बटियागढ़ पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना के बाद से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार पूर्व में मुखबिर की सूचना पर बटियागढ़ थाना क्षेत्र में बोलेरो वाहन क्रमांक MP 20 ZB 2224 से अवैध शराब का परिवहन किए जाने की जानकारी मिली थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन से 1050 क्वार्टर मसाला शराब एवं वनप्लस कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया था, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
मामले में थाना बटियागढ़ में अपराध क्रमांक 156/2026 धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर फरार आरोपियों आनंद कुर्मी (26), लवकेश रजपूत (23) और योगेश राय (26) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।