दमोह पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 11.90 लाख रुपये की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
119.95 ग्राम स्मैक जब्त, जिले में एक माह में नशे के खिलाफ 7वीं बड़ी कार्रवाई
हिमांशु रैकवार दमोह
दमोह। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दमोह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 119.95 ग्राम स्मैक पाउडर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 11 लाख 90 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1 जून 2026 को सागर नाका पुलिस चौकी क्षेत्र में वल्लभ भाई पटेल न्यू ब्रिज के पास दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 119.95 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों में दमोह के सिविल वार्ड नंबर-1 शोभानगर निवासी राजू उर्फ राजेन्द्र कुमार मिश्रा (51) तथा सागर के गोविंद विहार कॉलोनी निवासी आशुतोष श्रीवास्तव (32) शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना दमोह देहात में अपराध क्रमांक 347/26 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्मैक की आपूर्ति कहां से हुई और इसका नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
जिले में नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई
पुलिस के अनुसार मई-जून माह में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अब तक 7 बड़ी कार्रवाइयां की जा चुकी हैं। इन कार्रवाइयों में कुल 42 किलो 535 ग्राम गांजा एवं 119.95 ग्राम स्मैक जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
दमोह पुलिस द्वारा जब्त 119.95 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किए गए दो आरोपी, कीमत करीब 11.90 लाख रुपये आंकी गई।