डेढ़ साल से फरार 2500 रुपये का ईनामी आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस को मिली बड़ी सफलता

डेढ़ साल से फरार 2500 रुपये का ईनामी आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस को मिली बड़ी सफलता
हिमांशु रैकवार दमोह 
दमोह। कोतवाली पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक ईनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। एनडीपीएस एक्ट के मामले में करीब डेढ़ वर्ष से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे 2500 रुपये के ईनामी आरोपी को पुलिस ने धरदबोचा है।

पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देश पर जिलेभर में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कलू सिंह लोधी (40 वर्ष) निवासी राजा पटना, थाना तेजगढ़ को गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 872/2024 में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज था। न्यायालयीन प्रक्रिया के दौरान लगातार फरार रहने पर उसके विरुद्ध धारा 193(9) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई थी तथा उसकी गिरफ्तारी पर 2500 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम पिछले डेढ़ वर्ष से उसकी तलाश कर रही थी।

कोतवाली पुलिस ने गुप्त सूचना एवं सतत प्रयासों के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। आरोपी की गिरफ्तारी को जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार, सहायक उपनिरीक्षक रघुराज सिंह, प्रधान आरक्षक महेश यादव, प्रधान आरक्षक कलीम, आरक्षक ब्रजेन्द्र मिश्रा एवं आकाश पाठक की विशेष भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिले में फरार एवं ईनामी अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Previous Post Next Post