कलेक्टर श्री यादव आकस्मिक रूप से पहुंचे बांदकपुर क्षेत्र के भ्रमण पर
निरीक्षण के दौरान विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं
पाये जाने के आरोप में 07 अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ आरोप पत्र जारी
उत्तर समय पर या समाधानकारक
नहीं होने पर संबंधितों के विरूद्ध होगी अनुशासनात्मक कार्यवाही
दमोह : 20 मई 2026
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव आज आकस्मिक रूप से बांदकपुर क्षेत्र के भ्रमण पर पहुंचे और आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्वास्थ्य केन्द्रों, आयुष औषधालय के साथ सेवा सहकारी समिति बांदकपुर उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाये जाने के आरोप में 07 अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ आरोप पत्र जारी किये गये है।
कलेक्टर श्री यादव ने सेवा सहकारी समिति बांदकपुर में खाद्यान्न के स्टॉक में गंभीर अनियमितताएं पाये जाने केआरोप में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी दमोह श्रीमती पल्लवी जैन को, दो आंगनबाड़ी केन्द्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ता उपस्थित नहीं पाये जाने, बच्चों को नाश्ता एवं भोजन निर्धारित मीनू अनुसार वितरण नहीं पाये जाने एवं महिला बाल विकास के जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा नियमित निगरानी नहीं किये जाने के आरोप में अनिल जैन को, आंगनबाड़ी केन्द्र 167 में अनियमितताएं पाये जाने तथा महिला एवं बाल विकास के परियोजना अधिकारी दमोह ग्रामीण द्वारा केन्द्रों के सुचारू संचालन एवं योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु सतत भ्रमण एवं उचित पर्यवेक्षण एवं नियंत्रण नहीं होने के आरोप में कैलाश राय, एवं पर्यवेक्षक समन्ना श्रीमती मालती कुर्मी को, आंगनबाड़ी बांदकपुर 65 मीनू अनुसार नाश्ता खाना तथा मुख्यालय पर उपस्थित नहीं पाये जाने के आरोप में महिला एवं बाल विकास परियोजना दमोह ग्रामीण की पर्यवेक्षक बांदकपुर श्रीमती कल्पना अहिरवार को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किये गये हैं।
इसी प्रकार निरीक्षण के दौरान आयुष औषधालय बांदकपुर में एक्सपायरी दवाईयों का वितरण होने तथा आयुष औषधालयों की नियमिति निगरानी नहीं किये जाने के आरोप में जिला आयुष अधिकारी राजकुमार पटैल को एवं आयुर्वेद औषधालय बांदकपुर में बिना सूचना व सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना अपने कर्त्तव्य स्थल से अनुपस्थित पाये जाने के आरोप में शासकीय आयुर्वेद औषधालय बांदकपुर की आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. रितु कुरेरिया को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।
कलेक्टर श्री यादव ने जारी कारण बताओ सूचना पत्र में सभी संबंधितों को पत्र प्राप्ति के 03 दिवस के अंदर लिखित उत्तर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं। उत्तर समय पर या समाधानकारक नहीं होने पर संबंधितों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के साथ स्वयं उत्तरदायी होने की बात कही है।
नकदी उपलब्धता में कोई समस्या है तो तत्काल भारतीय रिजर्व बैंक के
वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय स्थापित करें,
प्रशासन हर संभव सहयोग के लिए तत्पर है- कलेक्टर श्री यादव
किसानों को समय पर मिले नकद राशि
बैंकर्स और कियोस्क संचालकों को दिलाई शपथ
बैंकर्स और कियोस्क संचालको के साथ अहम् बैठक संपन्न
दमोह : 20 मई 2026
जिले में किसानों एवं वृद्धजनों को बैंकिंग सेवाओं में हो रही परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने समस्त बैंकर्स, बी.सी. एवं कियोस्क संचालकों की आयोजित बैठक में आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होने कहा कि क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान यह तथ्य सामने आया कि किसानों को उनके खातों में राशि होने के बावजूद बैंक से नकद भुगतान नहीं मिल पा रहा है। इससे शादी-विवाह, इलाज एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि वृद्धजन, जो कियोस्क केंद्रों से अपनी पेंशन निकालते हैं, उनसे कुछ संचालकों द्वारा अवैध रूप से पैसे मांगने अथवा पेंशन राशि में कटौती करने जैसी शिकायतें भी प्राप्त हुई थीं। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए सभी बैंकर्स एवं कियोस्क संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए वृद्धजन माता-पिता के समान हैं और उनके साथ किसी प्रकार की आर्थिक अपेक्षा या अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर श्री यादव ने निर्देशित किया कि किसानों एवं आमजन को उनकी आवश्यकता अनुसार नकद राशि उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बैंक अधिकारियों से कहा कि यदि नकदी उपलब्धता में कोई समस्या है तो तत्काल भारतीय रिजर्व बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय स्थापित करें। प्रशासन हर संभव सहयोग के लिए तत्पर है, उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी वृद्धजन, किसान या आम नागरिक से अवैध मांग अथवा कमीशन लेने की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैंकर्स और कियोस्क संचालकों को दिलाई शपथ
बैठक में सभी बैंकर्स एवं कियोस्क संचालकों को शपथ दिलाई गई कि वे किसी भी वृद्धजन या किसान से किसी प्रकार की अतिरिक्त राशि या अनुचित अपेक्षा नहीं रखेंगे तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं कमीशन व्यवस्था के अंतर्गत ही कार्य करेंगे।
सोलर योजनाओं के प्रकरणों को प्राथमिकता देने के निर्देश
कलेक्टर श्री यादव ने कहा सोलर योजनाओं से संबंधित प्रकरणों को बैंक स्तर पर टालमटोल कर अस्वीकृत करना उचित नहीं है। भारत सरकार एवं राज्य सरकार की प्राथमिकता के अनुरूप ऐसे मामलों का शीघ्र निराकरण एवं प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति सुनिश्चित की जाए।
शासकीय योजनाओ के प्रकरणो में प्रगति लाये
कलेक्टर श्री यादव ने बैंकर्स से कहा शासन की विभिन्न रोजगारमूलक एवं अन्य हितग्राही मूलक योजनाओं में तेजी से कार्य का लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित की जायें।
सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का करे त्वरित निराकरण
कलेक्टर श्री यादव नें बैंक अधिकारियों से कहा सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों पर तत्परता से कार्यवाही सुनिश्चित की जायें। बैंकवार समीक्षा की गई।
उचित मूल्य दुकान में रिकॉर्ड से ज्यादा राशन मिला, आवश्यक वस्तु अधिनियम
के तहत कार्रवाई प्रारंभ
भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री यादव ने बांदकपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का भी निरीक्षण किया। पोर्टल और रिकॉर्ड के अनुसार दुकान में राशन स्टॉक “निल” दर्शाया गया था, जबकि मौके पर 37 बोरी राशन मौजूद मिला। इस अनियमितता को गंभीर मानते हुए राशन को तत्काल जब्त किया गया तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई प्रारंभ की गई।
जिले में एक्सपायरी दवाओं की जांच सुनिश्चित करने के लिए एक समिति गठित
बांदकपुर आयुर्वेदिक औषधालय के निरीक्षण के दौरान डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए, जिस पर कलेक्टर ने उनका तीन दिन का वेतन काटने के आदेश जारी किए। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि औषधालय में 2022 से 2026 के बीच एक्सपायर हो चुकी कई दवाइयां टेबल और शेल्फ पर रखी थीं तथा वितरण के लिए उपयोग में लाई जा रही थीं। कलेक्टर ने तत्काल ऐसी दवाइयों को अलग कराने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे जिले में एक्सपायरी दवाओं की जांच सुनिश्चित करने के लिए एक समिति गठित की गई है। जिला आयुष अधिकारी को भी पर्यवेक्षण में लापरवाही के कारण नोटिस जारी किया गया है।
एलोपैथिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था संतोषजनक
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि निरीक्षण के दौरान एलोपैथिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति संतोषजनक पाई गई। आनू और बांदकपुर दोनों केंद्रों में डॉक्टर उपस्थित थे तथा मरीजों का उपचार नियमित रूप से जारी था। वहां किसी प्रकार की अनियमितता नहीं मिली।
कलेक्टर श्री यादव जमीनी हकीकत जानने आकस्मिक रूप से पहॅुचे
ग्राम आनू और बांदकपुर
डॉक्टर का 03 दिवस का वेतन कांटने, 2 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओ के
विरूद्ध कार्यवाही करने तथा पीडीएस दुकान के सेल्समेन के
विरूद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश
आयुर्वेद औषधालय में एक्सपायरी डेट की दवा मिली
कलेक्टर ने कहा ऐसे आकस्म्कि निरीक्षण सतत् होगे
दमोह : 20 मई 2026
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव अपने आकस्मिक भ्रमण के दौरान जिले के ग्रामीण अंचलो में पहॅुचकर जमीनी हकीकत जान रहे है, इसी कड़ी में कलेक्टर आज प्रात: 10 बजे रवाना होकर ग्राम आनू और बांदकपुर पहॅुचे। उन्होने यहां ऑगनबाड़ी केंद्रो और आयुवैदिक औषधालय, उप-स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उचित मूल्य दुकानो का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पाई गई कमियों के संबंध में कार्रवाई के निर्देश मौके पर दिये गये।
कलेक्टर श्री यादव बांदकपुर आर्युवैदिक अस्पताल पहॅुचे। अस्तपाल में पदस्थ डॉ. रितु कुरेरिया अनुपस्थित पाई गई। उन्होने जिला आयुष अधिकारी डॉ. पटैल को वीडियो कॉल कर वस्तुस्थिति दिखाई और 3 दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए। यहॉ पर दवासाज मौजूद थे। यहां से कलेक्टर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांदकपुर पहॅुचे, जहॉ डॉक्टर और पूरा स्टॉफ मौजूद रहा। मरीजो का इलाज हो रहा था।
कलेक्टर श्री यादव नें मरीजो से भी चर्चा की, मरीजो को मिल रहे उपचार का फीडबैक भी लिया। यहां इलाज को आई बुजुर्ग महिला से कलेक्टर ने चर्चा की हाल जाना, बुजुर्ग महिला रोने लगी, जिस पर कलेक्टर श्री यादव नें ढांढस बंधाया कहा जिला प्रशासन और सरकार आपके साथ है, पानी बुलाकर पिलवाया और फल भी बुलाकर दिलाये गये। उक्त बुजुर्ग कलेक्टर का स्नेह भाव से चर्चा करने से भावुक होकर अपनी बाते बता रही थी।
बॉदकपुर पीडीएस दुकान का निरीक्षण, खाद्यान्न वितरण 98 प्रतिशत
पर अनाज भी रखा पाया गया
कलेक्टर श्री यादव बांदकपुर सार्वजनिक वितरण प्रणाली में वितरित हो रहे खाद्यान्न दुकान बांदकपुर पहॅुचे। यहॉ 98 प्रतिशत वितरण बताया गया किन्तु स्टॉक रूम में करीब 18 क्विंटल खाद्यान्न पाये जाने पर खाद्य अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए।
3 ऑगनबाड़ी केंद्रो का निरीक्षण 2 केंद्रो में बच्चे नही मिलें, कार्यकर्ता दो जगह अनुपस्थित मिली, कड़ी कार्यवाही के निर्देश
जब कलेक्टर आंगनबाड़ी केंद्र 167 आनू पहॅुचे तो आंगनबाड़ी खुली तो पाई गई, यहां पर बच्चे नही थे तथा कार्यकर्ता भी नही थी, सिर्फ सहायिका मौजूद थी, इसी प्रकार 65 बांदकपुर आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चे नही थे तथा कार्यकर्ता भी अनुपस्थित पाई गई। आनू का 81 नंबर आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चे मौजूद थे और नाश्ता हलवा बच्चों ने खाया था, 54 में 28 बच्चे उपस्थित पाए गये। कलेक्टर श्री यादव नें जिला कार्यक्रम अधिकारी को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाईजर के विरूद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होने कहा जिले के दूरस्थ क्षेत्रो में इसी तरह लगातार आकस्मिक दौरे कर लापरवाही पर कार्यवाही की जायेगी।
आयुर्वेद औषधालय में एक्सपायरी डेट की दवा पाई गई
आयुर्वेद अस्पताल बांदकपुर के आकस्मिक भ्रमण के दौरान यहां पर एक्सपायरी डेट की दवा पाये जाने पर कलेक्टर श्री यादव ने अप्रसन्नता जाहिर करते हुये जिला अधिकारी को सख्त निर्देश दिये, सभी जगह सुनिश्चित करें ऐसा कहीं न हो।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा हटा के पानी पाउच एवं पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर थोक विक्रेताओं का किया गया औचक निरीक्षण
हटा नगर के राय चौराहा,कमला नेहरू वार्ड एवं बस स्टैंड स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर हुई निरीक्षण कार्यवाही, सेजल ब्रांड पैकेज ड्रिंकिंग वाटर /पानी पाउच के लिए गए नमूने, गुणवत्ता जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए नमूनें
मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी के माध्यम से हुई खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांच
दमोह : 20 मई 2026
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देशो के तहत् एवं खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधवी बुधौलिया द्वारा हटा नगर के थोक पानी पाउच एवं पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर विक्रेताओं का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण की कार्यवाही हटा नगर में राय चौराहा स्थित शुभदेवा एंटरप्राइजेस एवं कमला नेहरू वार्ड,अंबेडकर भवन के पास स्थित घनश्याम ट्रेडर्स पर की गई। मौके पर परिसर से सेजल ब्रांड पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर/पानी पाउच के नमूनें जांच हेतु लिए गए। इन खाद्य पदार्थों के नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
इसी तरह बस स्टैंड हटा स्थित पटैरिया कोल्ड ड्रिंक्स, देवेंद्र किराना, आकाश पान सेंटर,मुन्ना चौरसिया पान सेंटर, नारायण चौरसिया जनरल स्टोर्स, विनोद नेमा जनरल स्टोर्स, अनिल चौरसिया चाय नाश्ता दुकान, महेश शर्मा चाय नाश्ता दुकान, कंचन चौरसिया चाय नाश्ता दुकान सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। जांच के दौरान पानी पाउच के स्टॉक की जांच की गई। हटा नगर के ग्राम पांजी स्थित नर्मदा मिनरल वाटर उद्योग के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर/पानी पाउच निर्माण स्थल का निरीक्षण किया गया। मौके पर मिनरल वाटर प्लांट में पानी पाउच का निर्माण बंद पाया गया। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा हटा नगर के समस्त थोक एवं फुटकर पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर/ पानी पाउच विक्रेताओं को बिना बैच नंबर एवं निर्माण तिथि के पानी पाउच का भंडारण एवं विक्रय नहीं करने हेतु निर्देशित किया गया। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी के माध्यम से ऑन द स्पॉट पानी पाउच की गुणवत्ता की जांच की गई। जांच में पानी पाउच का टी डी एस निर्धारित मानक स्तर का पाया गया। किराना दुकानों मिठाई दुकानों एवं होटलों पर बिक रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी के माध्यम से की गई।
तहसील पटेरा में एक दिवसीय राजस्व सीमांकन अभियान के तहत जिले में पहली बार रिकॉर्ड 195 सीमांकन एक ही दिन में सम्पन्न
दमोह : 20 मई 2026
पटेरा के लिए ऐतिहासिक दिन रहा। एसडीएम हटा और तहसीलदार पटेरा की पहल पर तहसील पटेरा में एक दिवसीय राजस्व सीमांकन दिवस रखा गया जिसमें तहसील के समस्त पटवारी ने एक दिन के अंदर रिकॉर्ड तोड़ जिले में पहली बार 195 सीमांकन एक दिन में किए। एसडीएम हटा राकेश सिंह मरकाम ने बताया दमोह जिले में पहली बार ऐसा अभियान चलाया गया जिसमें तहसीलदार पटेरा ने समस्त पटवारी को निर्धारित मापदंड करके पूर्व में सभी को नोटिस और सूचना जारी कर एक दिन के अंदर सभी के सीमांकन करने का लक्ष्य रखा। सीमाओं का निर्धारण कराया गया, पद चिन्ह रखे गए, मौके पर तैयार कराई गई और कब्जा भी दिया गया।
एसडीएम हटा राकेश मरकाम, तहसीलदार उमेश तिवारी, नायब तहसीलदार मानसी अग्रवाल, नायब तहसीलदार द्वारका प्रसाद गुप्ता ने फील्ड पर रहकर सभी सीमांकन पर मॉनिटरिंग की एवं आवश्यक निर्देश दिए।