पुलिस की बड़ी सफलता: 5 महीने में खोजे ₹41.60 लाख के 208 गुम मोबाइल, CEIR पोर्टल बना मददगार

 पुलिस की बड़ी सफलता: 5 महीने में खोजे ₹41.60 लाख के 208 गुम मोबाइल, CEIR पोर्टल बना मददगार
हिमांशु रैकवार दमोह 
दमोह जिला पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन खोजने के विशेष अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए गए 'गुम मोबाइल खोज अभियान' के तहत मात्र पांच महीनों के भीतर कुल 208 गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद किए गए इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 41 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ये मोबाइल उनके मूल मालिकों को सौंप दिए हैं, जिससे आवेदकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
CEIR पोर्टल की मदद से मिली कामयाबी
पुलिस विभाग के अनुसार, यह उल्लेखनीय उपलब्धि केंद्र सरकार के सी.ई.आई.आर. (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के प्रभावी उपयोग से मिली है। पुलिस अधीक्षक दमोह द्वारा साइबर सेल टीम और थाना स्तर के अधिकारियों को इस पोर्टल का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए थे। साइबर सेल ने मुस्तैदी दिखाते हुए न केवल मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों, बल्कि अन्य राज्यों से भी इन गुम हुए मोबाइलों को ट्रेस कर सफलता पूर्वक बरामद किया।

साल 2025 में ट्रैक किए थे 1 करोड़ से अधिक के मोबाइल

दमोह पुलिस का यह अभियान लगातार जारी है। इससे पहले वर्ष 2025 में भी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुल 540 मोबाइल ट्रैक कर आवेदकों को बांटे थे, जिनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 08 लाख रुपये थी। पुलिस प्रशासन द्वारा आम नागरिकों को CEIR पोर्टल के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
घर बैठे दर्ज करा सकते हैं शिकायत
पुलिस ने बताया कि CEIR पोर्टल एक सेंट्रलाइज्ड डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसके माध्यम से कोई भी नागरिक घर बैठे अपने गुम या चोरी हुए मोबाइल की शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके अलावा नजदीकी थाने में आवेदन देकर भी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इस शिकायत के आधार पर साइबर सेल और थानों की टीम मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर उसे बरामद करती है। इस सफल अभियान में दमोह साइबर सेल और जिले के सभी थानों के अधिकारियों व कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा।

Previous Post Next Post