पथरिया में प्रभारी राजस्व निरीक्षक-पटवारी महेंद्र जैन निलंबित, किसानों के सामने अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल

पथरिया में प्रभारी राजस्व निरीक्षक-पटवारी महेंद्र जैन निलंबित, किसानों के सामने अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल
हिमांशु रैकवार दमोह 
दमोह जिले के पथरिया में किसानों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज करना एक प्रभारी राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अनुविभागीय अधिकारी एवं दण्डाधिकारी पथरिया ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभारी राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी हल्का नंबर 09 रजवास महेंद्र जैन को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार 18 मई 2026 की शाम से महेंद्र जैन का एक वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा था। वीडियो में वे कार्यालयीन समय के दौरान किसानों के सामने गाली-गलौज करते हुए दिखाई दे रहे थे। मामले ने तूल पकड़ा तो प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया।

महेंद्र जैन द्वारा 20 मई को अपना जवाब प्रस्तुत किया गया, लेकिन प्रशासन को उनका जवाब संतोषजनक नहीं लगा। इसके बाद एसडीएम पथरिया ने कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के उल्लंघन का दोषी मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

निलंबन अवधि के दौरान महेंद्र जैन का मुख्यालय तहसील कार्यालय पथरिया निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही तहसीलदार पथरिया को संबंधित प्रकरण की जांच कर 15 दिवस के भीतर आरोप पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है, वहीं किसानों में भी मामले को लेकर चर्चा का माहौल है।
Previous Post Next Post