3 किलो गांजा के साथ ओडिशा के दो तस्कर गिरफ्तार, दमोह पुलिस की बड़ी कार्रवाई

3 किलो गांजा के साथ ओडिशा के दो तस्कर गिरफ्तार, दमोह पुलिस की बड़ी कार्रवाई
हिमांशु रैकवार दमोह 
दमोह जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटेरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 किलो अवैध गांजा के साथ ओडिशा के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कलादगी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत सिंह भदौरिया तथा एसडीओपी हटा श्री सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले में लगातार अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ लोग गांजा लेकर क्षेत्र में आने वाले हैं।

सूचना के आधार पर 22 मई 2026 को थाना पटेरा पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम दिवाकर बेहरा पिता उपेंद्र बेहरा उम्र 40 वर्ष निवासी गोविंदपुर थाना रेडखोल जिला संभलपुर (ओडिशा) तथा सुदर्शन सिंह हरिजन पिता इंद्रो सिंह उम्र 42 वर्ष निवासी बागमरे थाना बीएमपुर जिला सोनपुर (ओडिशा) बताए।

तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 3 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पटेरा उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह गुर्जर, उप निरीक्षक संतोष सिंह, सहायक उप निरीक्षक बलदेव प्रसाद अहिरवार, सहायक उप निरीक्षक दिलीप सिंह, प्रधान आरक्षक दिनेश, आरक्षक बृजेश अठ्या, आरक्षक सुरेश लोधी एवं साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही।
Previous Post Next Post