निर्माणाधीन मकान की खुदाई में मिले चांदी के प्राचीन सिक्के, इलाके में मचा हड़कंप

निर्माणाधीन मकान की खुदाई में मिले चांदी के प्राचीन सिक्के, इलाके में मचा हड़कंप

कलेक्टर-एसपी के निर्देश पर प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची, खुदाई रुकवाई
हिमांशु रैकवार दमोह 
दमोह। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत यशवंत चौक और महाकाली चौक के बीच रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक निर्माणाधीन मकान की नींव की खुदाई के दौरान चांदी के सिक्के मिलने की सूचना सामने आई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार आलोक सोनी के निर्माणाधीन मकान में नींव की खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मजदूरों को जमीन के भीतर से चांदी के सिक्के दिखाई दिए। सूचना मिलते ही कलेक्टर प्रताप नारायण यादव एवं पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी (आईपीएस) के निर्देशन में तहसीलदार रॉबिन जैन, रघुनंदन चतुर्वेदी, कोतवाली टीआई मनीष कुमार सहित पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर खुदाई कार्य तत्काल बंद करवाकर पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अब तक करीब 42 चांदी के सिक्के मिलने की बात सामने आई है। सिक्कों की प्राचीनता और ऐतिहासिक महत्व का आकलन किया जा रहा है।

तहसीलदार ने बताया कि नियमानुसार बरामद सभी सिक्कों को जब्त कर कोषालय में जमा कराया जाएगा। साथ ही मामले की जानकारी पुरातत्व विभाग को भी दे दी गई है ताकि सिक्कों की जांच कर उनका इतिहास पता लगाया जा सके।

घटना की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए, जिन्हें पुलिस बल द्वारा नियंत्रित किया गया। पूरे मामले को लेकर शहर में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
Previous Post Next Post