पॉक्सो एक्ट में फरार दो आरोपी गिरफ्तार, पथरिया पुलिस की सख्त कार्रवाई — दोनों को भेजा गया जेल
शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म, दूसरे मामले में अपहरण — पुलिस ने दोनों मामलों में की त्वरित गिरफ्तारी
हिमांशु रैकवार दमोह
दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के दो अलग-अलग मामलों में फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और सख्ती का संदेश गया है।
थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले मामले में पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था। आरोपी, जो पीड़िता का जीजा बताया जा रहा है, ने शादी का झांसा देकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। इस घटना के चलते पीड़िता गर्भवती हो गई और उसने बच्चे को जन्म भी दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
वहीं दूसरे मामले में एक आरोपी नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा ले गया था। इस मामले में अपहरण सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाबालिग को सुरक्षित दस्तयाब किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को भी न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी अमित मिश्रा के नेतृत्व में एएसआई हरि गोविंद पटेल, प्रधान आरक्षक शैलेंद्र अठिया, आरक्षक दीपेश ठाकुर, मनीष कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।