डायल-112 की सतर्कता से टली बड़ी घटना, रेलवे ट्रैक से युवक को बचाकर पहुंचाया घरआत्महत्या की नीयत से घर से निकला था युवक, पुलिस की तत्परता और समझाइश से बची जान



डायल-112 की सतर्कता से टली बड़ी घटना, रेलवे ट्रैक से युवक को बचाकर पहुंचाया घर

आत्महत्या की नीयत से घर से निकला था युवक, पुलिस की तत्परता और समझाइश से बची जान

हिमांशु रैकवार दमोह
जिले में डायल-112 टीम की तत्पर और संवेदनशील कार्यवाही ने एक बड़ा हादसा टाल दिया। थाना पटेरा क्षेत्र के ग्राम रामपुरा निवासी एक युवक को आत्महत्या के प्रयास से सुरक्षित बचाकर परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से एक व्यक्ति को नया जीवन मिला है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 अप्रैल 2026 को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में सूचना मिली कि रामपुरा निवासी बिट्टू राजपूत आत्महत्या करने की नीयत से घर से कहीं चला गया है। सूचना मिलते ही दमोह डायल-112 कंट्रोल में पदस्थ आरक्षक रामनरेश ने तत्काल एफआरव्ही-11 और एफआरव्ही-15 को मौके के लिए रवाना किया।

एफआरव्ही-11 में आरक्षक अनिल ठाकुर और पायलट राहुल राजपूत तथा एफआरव्ही-15 (थाना हिंडोरिया) में आरक्षक चंद्रकांत पांडेय और पायलट संदीप साहू ने तुरंत तलाश शुरू की। तलाश के दौरान युवक की लोकेशन ग्राम करहिया, थाना हिंडोरिया के पास रेलवे ट्रैक पर मिली।

मौके पर पहुंची डायल-112 टीम ने देखा कि युवक आत्महत्या के उद्देश्य से रेलवे ट्रैक पर लेटा हुआ था। पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए उसे सुरक्षित ट्रैक से हटाया, समझाइश दी और काउंसलिंग कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद युवक को सकुशल उसके घर पहुंचाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

डायल-112 टीम की इस मुस्तैद और मानवीय कार्यवाही से एक बड़ी अनहोनी टल गई और पुलिस की तत्परता एक बार फिर सामने आई।
Previous Post Next Post