किसान से मारपीट मामले में पथरिया थाने के प्रधान आरक्षक लाइन अटैच,एसपी ने दिखाई सख्ती

किसान से मारपीट मामले में पथरिया थाने के प्रधान आरक्षक लाइन अटैच,एसपी ने दिखाई सख्ती
दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में किसान के साथ मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए दमोह पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने पथरिया थाने के प्रधान आरक्षक संदीप कुशवाह को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है। जानकारी के अनुसार एक किसान पेट्रोल पंप पर अपनी केन में पेट्रोल लेने पहुंचा था। इसी दौरान मौके पर मौजूद प्रधान आरक्षक संदीप कुशवाह ने किसान की केन में लात मार दी और उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिली और मामला तेजी से चर्चा में आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने सख्त रुख अपनाते हुए तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस जनता की रक्षक है और अगर पुलिस ही आम लोगों के साथ इस तरह का व्यवहार करेगी तो यह बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों को कानून का पालन कराने के साथ-साथ आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करना चाहिए। फिलहाल प्रधान आरक्षक को लाइन अटैच कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
Previous Post Next Post