दमोह में युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर का भव्य स्वागत, शहरभर में निकला काफिला; कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह

दमोह में युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर का भव्य स्वागत, शहरभर में निकला काफिला; कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह

कई स्थानों पर हुआ अभिनंदन, जिला कार्यालय में स्वागत समारोह; नेताओं ने युवाओं को संगठन मजबूती का दिया संदेश
हिमांशु रैकवार दमोह 
दमोह। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के दमोह आगमन पर शहर में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। जिले की सीमा में प्रवेश करते ही युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रिंस जैन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्पहार पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद उनके स्वागत में लंबा काफिला शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा, जहां जगह-जगह कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर जोरदार अभिनंदन किया।
काफिला कुंडलपुर, पटेरा, हिंडोरिया, समन्ना नाका, धरमपुर, गढ़ी मोहल्ला, पुराना थाना, टॉकीज चौराहा, सराफा बाजार, बकौली, नगर पालिका गेट और अस्पताल चौराहे सहित कई स्थानों से होकर निकला। पूरे मार्ग में स्वागत का सिलसिला जारी रहा, जिससे शहर का माहौल उत्सव जैसा नजर आया।
जिला भाजपा कार्यालय पहुंचने पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे सहित पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जहां प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य अतिथियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि युवा मोर्चा पार्टी की सबसे सक्रिय और ऊर्जावान इकाई है, जो संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा राष्ट्र निर्माण की सशक्त शक्ति है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया से लेकर बूथ स्तर तक सक्रिय रहने और संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री व दमोह विधायक जयंत मलैया, प्रदेश उपाध्यक्ष मृदुल मिश्रा, जिला महामंत्री रामेश्वर चौधरी, संजय यादव, राघवेंद्र सिंह परिहार, मनीष तिवारी, अमित बजाज सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं युवा मोर्चा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रंजीता पटेल, उपाध्यक्ष श्रीमती मंजू कटारे सहित कई जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही।


Previous Post Next Post