सोते समय पत्नी पर पति का जानलेवा हमला, खून से लथपथ मिली महिला; डायल-112 की तत्परता से बची जान
हिमांशु रैकवार दमोह
दमोह। जिले के तारादेही थाना अंतर्गत ग्राम सनाई में सोमवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी पर सोते समय जानलेवा हमला कर दिया। घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, आरोपी हुकम आदिवासी ने अपनी पत्नी रश्मि आदिवासी पर उस समय धारदार हथियार से हमला कर दिया, जब वह घर में गहरी नींद में सो रही थी। अचानक हुए इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही खून से लथपथ हालत में पड़ी रही।
घटना की सूचना तत्काल राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को दी गई। सूचना मिलते ही एफआरवी वाहन क्रमांक 19 को मौके के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचे आरक्षक देवकरण और पायलट नीरज वर्मा ने बिना देरी किए घायल महिला को तत्काल तेंदूखेड़ा अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
इधर, दमोह डायल-112 कंट्रोल रूम में तैनात आरक्षक राम नरेश द्वारा भी तत्परता दिखाते हुए पूरी कार्रवाई को समन्वित किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमले के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस आरोपि की तलाश में जुटी हुई है।