दमोह में अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, 63 लीटर देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार


दमोह में अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, 63 लीटर देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

बिना नंबर बाइक से हो रही थी तस्करी, एक आरोपी फरार; 76 हजार रुपए का माल जब्त

हिमांशु रैकवार हिण्डोरिया (दमोह)

दमोह जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हिण्डोरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 63 लीटर देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत भदौरिया व एसडीओपी पथरिया सुश्री प्रिया सिंधी के मार्गदर्शन में की गई।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

थाना हिण्डोरिया पुलिस को सूचना मिली थी कि कादीपुर-लुहर्रा मार्ग से एक मोटरसाइकिल पर अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद ग्वारी खेर माता मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की।

कुछ देर बाद संदिग्ध बाइक दिखाई दी। पुलिस को देखकर बाइक सवार दो युवक बीच में रखे सामान को छोड़कर भागने लगे। घेराबंदी कर पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा अंधेरे में फरार हो गया।

7 पेटी शराब बरामद

पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम अमित पिता धर्मेंद्र सिंह लोधी (24), निवासी वार्ड क्रमांक 9 हिण्डोरिया बताया। उसके कब्जे से लाल और काले कपड़ों में बंधे 7 कार्टून बरामद हुए, जिनमें देशी मसाला और प्लेन शराब भरी थी। कुल 350 पाव (63 लीटर) शराब की कीमत करीब 36,500 रुपए आंकी गई है।

बिना नंबर बाइक भी जब्त

पुलिस ने अवैध परिवहन में इस्तेमाल हो रही बिना नंबर की काले रंग की होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई गई है। इस तरह कुल 76,500 रुपए का मशरूका जब्त किया गया।

सप्लाई नेटवर्क का खुलासा

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी गौरव ठाकुर के साथ यह शराब ग्राम महतपुर ले जा रहा था, जो कथित रूप से मुड़िया स्थित शासकीय शराब दुकान से सप्लाई की गई थी। पुलिस अब फरार आरोपी गौरव ठाकुर और संबंधित गढ़ीदार की तलाश कर रही है।

मामला दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 42 तथा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

टीम की अहम भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र उपाध्याय, उपनिरीक्षक रामकुमार ठाकुर, जागेश्वर साहू, आरक्षक दीपचंद अहिरवार एवं अमित की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Previous Post Next Post