बांदकपुर रेलवे स्टेशन पर युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
हिमांशु रैकवार दमोह
दमोह। जिले के बांदकपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, प्लेटफार्म पर लगी सीमेंट की कुर्सी पर एक व्यक्ति का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही बांदकपुर चौकी और जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचे प्रधान आरक्षक प्रकाश यादव, जीआरपी चौकी प्रभारी एएसआई शेख जुम्मन, प्रधान आरक्षक लल्लू पांडे और आरक्षक धीरज ने जांच करते हुए मृतक की पहचान उमाशंकर पिता उमराव लाल हाल्वी (60 वर्ष), निवासी गढ़ाकोटा के रूप में की।
पुलिस के अनुसार, मृतक ने अज्ञात कारणों के चलते यह कदम उठाया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने घटना की पुष्टि की।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के शव गृह में रखवाया है। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।