नशे के लिए पैसे नहीं दिए तो बेटे ने मां को बांधकर जिंदा जलाया,4 दिन बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
हिमांशु रैकवार दमोह
तेंदूखेड़ा (दमोह)। जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले मां के हाथ-पैर बांधे, मुंह में कपड़ा ठूंसा और हत्या करने के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने चार दिन की तलाश के बाद आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को तेंदूखेड़ा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सेहरी में रहने वाली हल्कीबाई यादव (65 वर्ष) का शव उनके घर में जली हुई अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने गहन पड़ताल की।
जांच में सामने आया कि मृतिका के बेटे संतोष यादव ने अपनी मां से गांजा और शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। जब मां ने पैसे देने से मना कर दिया तो गुस्से में आरोपी ने पहले मां के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद उसने उनकी हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने शव को आग लगा दी ताकि घटना हादसा लगे।
मामले में पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार दबिश के बाद 9 अप्रैल 2026 को पुलिस ने आरोपी संतोष यादव को गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुधीर भदौरिया और एसडीओपी अर्चना अहीर के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी तेंदूखेड़ा निरीक्षक रावेन्द्र बागरी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में सउनि संजय सिंह, सउनि गजराज सिंह, प्रधान आरक्षक बृजेश तिवारी, रविचन्द्र सेन, महेश सिंह, आरक्षक नीरज नामदेव, विशाल बैन, शैलेन्द्र बघेल, राममिलन घोषी, रणधीर दांगी, कुंवर सिंह और गोपाल सिंह की सराहनीय भूमिका रही।