दमोह में जुआ फड़ पर बड़ी रेड: 3.20 लाख का मशरूका जब्त, 6 आरोपी गिरफ्तार
हिमांशु रैकवार दमोह
दमोह। जिले में जुआ फड़ों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दमोह देहात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बिजौरी में संचालित अवैध जुआ फड़ पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से करीब 3 लाख 20 हजार रुपए का मशरूका जब्त करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में जुआ गतिविधियों पर सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में 16 अप्रैल 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित गौतम के नेतृत्व में दमोह देहात थाना और नरसिंहगढ़ चौकी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने ग्राम बिजौरी में गौशाला के पीछे चल रहे जुआ फड़ पर दबिश दी।
रेड के दौरान पुलिस ने 21 हजार 970 रुपए नगद, 52 ताश पत्ते, एक चार्जिंग बल्ब और मौके से 5 मोटरसाइकिल जब्त कीं। जब्त वाहनों में हीरो स्प्लेंडर, एक्टिवा स्कूटी सहित अन्य वाहन शामिल हैं। कुल जब्त मशरूका की कीमत लगभग 3.20 लाख रुपए आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शैलेन्द्र रैकवार, रोहन विश्वकर्मा, अभिषेक पाण्डेय, राजू रैकवार, महेन्द्र लोधी और मदन रैकवार को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ थाना दमोह देहात में जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अमित गौतम, चौकी प्रभारी अभिषेक पटैल सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।