दमोह में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ बंदूक से फायरिंग का वीडियो, पुलिस ने युवक के खिलाफ दर्ज किया मामला
रात 10:30 बजे सड़क पर बंदूक की नाल आसमान की ओर कर की गई फायरिंग, वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई कोतवाली पुलिस
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद
दमोह। सोशल मीडिया पर बंदूक से फायरिंग करने का वीडियो वायरल होने के बाद दमोह पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। वायरल वीडियो में युवक बंदूक की नाल ऊपर की ओर करके लापरवाहीपूर्वक फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। फायरिंग के दौरान बंदूक की नाल के आसपास धुआं भी नजर आ रहा है। इस तरह की लापरवाही से किसी की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 नवंबर 2026 को सोशल मीडिया पर फायरिंग का एक वीडियो प्रसारित हुआ था। वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कलादगि (IPS) के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष कुमार के नेतृत्व में वायरल वीडियो की तस्दीक की गई।
जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान दीपेश सोनी, निवासी बगिया मोहल्ला दमोह के रूप में हुई। पुलिस जांच में फायरिंग की घटना 9 नवंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे की होना सामने आया।
मामले में मानव जीवन को संकट में डालने वाला कृत्य पाए जाने पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी दीपेश सोनी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 991/26, धारा 125 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन और लापरवाहीपूर्वक फायरिंग के मामलों पर पुलिस की निगरानी जारी है।