दमोह में पुरानी रंजिश को लेकर खूनी हमला, हत्या के प्रयास के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी पकड़ा गया
धरमपुरा में युवक और उसके साथियों पर जानलेवा हमला करने का आरोप, कोतवाली पुलिस ने चार को पकड़ा, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद
दमोह शहर के धरमपुरा क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक और उसके साथियों पर जानलेवा हमला किए जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हत्या के प्रयास के इस गंभीर मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि उल्लंघनकर्ता बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। वहीं, मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 11 नवंबर 2026 की है। धरमपुरा निवासी 29 वर्षीय कृष्णपाल सिंह ठाकुर पिता साहब सिंह ठाकुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पुरानी रंजिश के चलते कपिल प्रजापति, शुभम प्रजापति, एक विधि उल्लंघनकर्ता बालक, रवि प्रजापति, राजकुमार प्रजापति, सुनील प्रजापति, बालचंद प्रजापति एवं किशन प्रजापति ने उसके और उसके साथियों के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की नीयत से हमला किया और चोटें पहुंचाईं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली दमोह में अपराध क्रमांक 984/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 115(2), 118(1), 296(बी) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई कार्रवाई
मामले में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कलादगि (IPS) ने निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 13 नवंबर 2026 को रवि प्रजापति, राजकुमार प्रजापति, किशन प्रजापति एवं एक विधि उल्लंघनकर्ता बालक को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजकुमार पिता सीताराम प्रजापति उम्र 32 वर्ष, किशन पिता सीताराम प्रजापति उम्र 31 वर्ष और रवि पिता सीताराम प्रजापति उम्र 34 वर्ष, तीनों निवासी धरमपुरा दमोह शामिल हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
इस मामले में नामजद शेष आरोपियों कपिल प्रजापति, शुभम प्रजापति, सुनील प्रजापति एवं बालचंद प्रजापति की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार, सहायक उपनिरीक्षक रामकुमार ठाकुर, आरक्षक योगेन्द्र यादव, विक्रम राठौर, दीपचंद एवं जितेन्द्र प्रजापति की सराहनीय भूमिका रही।