दमोह में पुलिस का रातभर बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन: 58 वारंटी गिरफ्तार, ₹1000 का इनामी बदमाश भी दबोचा
हिमांशु रैकवार दमोह
दमोह। जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए दमोह पुलिस ने देर रात से सुबह तक सघन कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष पुलिस टीमें मैदान में उतरीं।
08 सितंबर से 09 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात चले इस अभियान में पुलिस ने रातभर संदिग्धों और फरार आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी। अभियान के दौरान पुलिस ने 22 स्थाई वारंट और 36 गिरफ्तारी वारंट तामील कराते हुए कुल 58 वारंटियों को गिरफ्तार किया।
भरण-पोषण मामलों में भी वारंट तामील
कॉम्बिंग अभियान के दौरान भरण-पोषण (मेंटेनेंस) से संबंधित मामलों में भी पुलिस ने कार्रवाई की। इसमें 01 स्थाई वारंट और 08 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए।
गुंडे और निगरानी बदमाशों के ठिकानों पर दबिश
पुलिस ने केवल वारंटियों तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि जिले के सक्रिय गुंडा बदमाशों और निगरानीशुदा बदमाशों की भी सघन चेकिंग की। पुलिस टीमों ने 57 गुंडा बदमाशों और 27 निगरानी बदमाशों के ठिकानों पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों की जांच की और उन्हें सख्त चेतावनी दी।
अवैध शराब के खिलाफ 29 मामले दर्ज
अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के विक्रय और परिवहन के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत 29 प्रकरण दर्ज किए।
इसके अलावा जुआ-सट्टा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4(क) सट्टा एक्ट के तहत 03 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि अवैध हथियार रखने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत 01 प्रकरण कायम किया गया।
असामाजिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की। बीएनएसएस की धारा 126/135(3) के तहत 09 व्यक्तियों तथा धारा 170 बीएनएसएस के तहत 08 व्यक्तियों के विरुद्ध निवारक कार्रवाई की गई।
2022 से फरार ₹1000 का इनामी आरोपी गिरफ्तार
कॉम्बिंग अभियान में थाना बटियागढ़ पुलिस को भी महत्वपूर्ण सफलता मिली। पुलिस टीम ने वर्ष 2022 से अपराध क्रमांक 408/22, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे ₹1,000 के इनामी आरोपी राजकुमार राय पिता राधे राय को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का संदेश—अवैध गतिविधियों पर लगातार जारी रहेगा शिकंजा
पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ इस प्रकार की सख्त और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
दमोह पुलिस की इस रातभर चली कार्रवाई से जहां फरार वारंटियों पर शिकंजा कसा गया, वहीं अवैध शराब, सट्टा, अवैध हथियार और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ भी पुलिस ने कड़ा संदेश दिया है।